सहारनपुर। समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के दामाद और पूर्व राज्य मंत्री शयान मसूद ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को हराने और सांप्रदायिक ताकतों को रोकने के लिए समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है।
शयान मसूद ने कहा कि उनका लक्ष्य अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना है और इसी उद्देश्य के साथ उन्होंने समाजवादी पार्टी का दामन थामा है। उन्होंने कहा कि वह सकारात्मक राजनीति में विश्वास रखते हैं और सेक्युलर ताकतों को मजबूत करने के साथ सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ लड़ना चाहते हैं।
Also Read: UP: लेखपालों ने खोला मोर्चा! अमेठी तहसील में प्रदर्शन, समाधान दिवस का बहिष्कार
इमरान मसूद के बयानों को लेकर पूछे गए सवाल पर शयान मसूद ने कहा कि बीजेपी के खिलाफ बोलना एक बात है, लेकिन गठबंधन में शामिल पार्टियों के खिलाफ लगातार बोलकर गठबंधन को कमजोर करना दूसरी बात है। उन्होंने कहा कि जो लोग इस समय बीजेपी के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं, उनके खिलाफ बोलने से कहीं न कहीं बीजेपी को ही फायदा पहुंचता है।
शयान मसूद ने कहा कि अगर बीजेपी को हराना है तो सभी विपक्षी ताकतों को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने साफ कहा कि वह किसी व्यक्तिगत एजेंडे के लिए नहीं, बल्कि बीजेपी को उत्तर प्रदेश में रोकने के उद्देश्य से समाजवादी पार्टी में आए हैं।
जब उनसे पूछा गया कि क्या समाजवादी पार्टी में शामिल होने के पीछे विधानसभा चुनाव लड़ने की कोई योजना है, तो उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ना उनकी प्राथमिकता नहीं है। उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार दोबारा न बने और बीजेपी को चुनाव में हराया जाए।
शयान मसूद ने अपने परिवार के समाजवादी पार्टी से पुराने रिश्ते का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनके राजनीतिक सफर की शुरुआत समाजवादी पार्टी से ही हुई थी। उनके दादा और वरिष्ठ नेता रशीद मसूद का समाजवादी पार्टी और मुलायम सिंह यादव से लंबे समय तक गहरा संबंध रहा।
उन्होंने कहा कि दोनों परिवारों के बीच पुराने और पारिवारिक संबंध भी रहे हैं।शयान मसूद ने कहा कि इन्हीं राजनीतिक और पारिवारिक संबंधों के साथ-साथ अपनी विचारधारा के आधार पर उन्होंने समाजवादी पार्टी में वापसी की है
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































