इटावा: विकासखंड महेवा की ग्राम पंचायत अन्दावा के मजरा लाखी में बस्ती के बीच स्थित तालाब ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गया है। वर्षों से सफाई और देखरेख के अभाव में तालाब कूड़ा-कचरा और गंदे पानी से पट चुका है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दिनों में तालाब का पानी ओवरफ्लो होकर गलियों और घरों तक पहुंच जाता है। वहीं सड़ रहे कचरे से उठने वाली दुर्गंध के कारण ग्रामीणों का जीना मुश्किल हो गया है।
करीब 150 घरों की आबादी वाले मजरे का घरेलू और बारिश का पानी तालाब में पहुंचता है। तालाब के आसपास प्लास्टिक, पॉलिथीन और कूड़े के ढेर लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गंदगी के कारण मच्छर और जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ गया है। साथ ही संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी हुई है।
Also Read: UP: दो साल से मायके में रह रही थी पत्नी, परेशान युवक ने उठाया खौफनाक कदम
ग्रामीण रामस्वरूप ने बताया कि बारिश के समय पानी निकासी न होने से गलियों और घरों में पानी भर जाता है। उर्मिला देवी ने कहा कि कई बार गलियों में कई फुट पानी भरने से लोगों को उसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। मीना देवी के अनुसार गांव की नालियों का कूड़ा भी तालाब में डाला जा रहा है।
कलावती ने बताया कि उनकी शादी को करीब 27 वर्ष हो चुके हैं और तब से तालाब की स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ। ग्रामीणों ने तालाब की तत्काल सफाई और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है। खंड विकास अधिकारी महेवा बृज बिहारी त्रिपाठी ने कहा कि तालाब की सफाई और पानी निकासी की व्यवस्था कराई जाएगी। कर्मचारियों को निर्देश देकर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































