UP: बाराबंकी जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। खराब मौसम के बीच रामनगर और रामसनेहीघाट तहसील क्षेत्रों में हुए अलग-अलग हादसों में दो लोगों की जान चली गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनाओं के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसर गया।
कच्ची दीवार गिरने से महिला की मौत
रामनगर तहसील क्षेत्र के गोपालपुर गांव में बारिश के दौरान एक कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में 38 वर्षीय सुनीता देवी पत्नी संदीप यादव मलबे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सुनीता देवी के परिवार में तीन बच्चे हैं। उनके बेटे रवि की उम्र 17 वर्ष, आकाश की 13 वर्ष और बेटी प्रियंका की उम्र 9 वर्ष है। मां की मौत के बाद तीनों बच्चों समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Also Read: इटावा में बदहाल नहर पटरी मार्ग, 3 किमी सड़क झाड़ियों से घिरी, जगह-जगह गहरे गड्ढे
छप्पर पर गिरा इमली का पेड़, एक की मौत
दूसरा हादसा रामसनेहीघाट तहसील क्षेत्र के मऊ गांव में हुआ। जानकारी के मुताबिक लाल बहादुर वर्मा पुत्र केशव राम, परमानंद वर्मा और शिवप्रसाद वर्मा के साथ छप्पर के नीचे सो रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश और हवाओं के बीच अचानक इमली का पेड़ छप्पर के ऊपर जा गिरा।पेड़ गिरने से तीनों लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे में लाल बहादुर वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परमानंद वर्मा और शिवप्रसाद वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
बारिश और तेज हवाओं को लेकर बढ़ी चिंता
जिले में लगातार खराब मौसम के चलते कच्चे मकानों, पुराने पेड़ों और कमजोर ढांचों को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। लगातार बारिश के कारण ऐसे स्थानों पर हादसे का खतरा भी बना हुआ है। प्रशासन की ओर से लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, जर्जर भवनों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने तथा आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की जा रही है।














