जौनपुर: मछलीशहर सर्किल की क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा के यातायात पुलिस में स्थानांतरण को लेकर इन दिनों चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय स्तर पर इसके पीछे हाल ही में मछलीशहर में आयोजित आजाद समाज पार्टी की रैली के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर उठे सवालों को एक वजह के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि स्थानांतरण के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रैली के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए थे। आरोप है कि कुछ बाइक सवार बिना हेलमेट के तीन-तीन लोगों के साथ चल रहे थे और कुछ लोग बाइक पर खड़े होकर हाथों में लाठी-डंडे लहराते दिखाई दिए। रैली में शामिल सांसद चंद्रशेखर आजाद के वाहन की बोनट और छत पर बैठने का वीडियो भी चर्चा में रहा। जगदीशपुर बाजार के पास रैली के दौरान दो बाइकों की भिड़ंत का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
इन घटनाओं को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए गए। लोगों का कहना है कि आम नागरिकों के यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान की कार्रवाई होती है, ऐसे में बड़े आयोजनों में भी नियमों का समान रूप से पालन कराया जाना चाहिए।
दूसरी ओर, प्रतिमा वर्मा के कार्यकाल की सराहना करने वाले लोग त्योहारों और पर्वों के दौरान उनकी सक्रियता का उल्लेख कर रहे हैं। कृष्ण जन्माष्टमी के दौरान थानों में फूहड़ गानों और डांस पर रोक लगाने के प्रयासों की भी चर्चा हुई। यातायात पुलिस में उनकी तैनाती की स्थिति में लोगों को यातायात नियमों के उल्लंघन पर और सख्त कार्रवाई की उम्मीद है।



















































