UP: रसड़ा में 15 लाख के अवैध पटाखों का जखीरा सीज, घनी आबादी के बीच चल रहा था ‘विस्फोटक’ कारोबार

बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया में आगामी त्योहारी सीजन से पहले बलिया प्रशासन ने अवैध पटाखा कारोबारियों के खिलाफ कड़ा प्रहार किया है। उपजिलाधिकारी रसड़ा और क्षेत्राधिकारी के संयुक्त नेतृत्व में थाना रसड़ा पुलिस ने नाथबाबा चौराहा पर छापेमारी कर अवैध पटाखों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया है। सीज किए गए पटाखों और विस्फोटक सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

​मिली जानकारी के मुताबिक, प्रशासन को नाथबाबा चौराहा के पास अवैध पटाखा भंडारण की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस और प्रशासनिक टीम ने तत्काल दबिश दी। जांच के दौरान तारकेश्वर जायसवाल उम्र 62 वर्ष, पुत्र स्व. रघुनाथ प्रसाद जायसवाल के दुकान व आवासीय परिसर की तलाशी ली गई, जहां भारी मात्रा में अवैध बारूद देखकर अधिकारी भी दंग रह गए।

पुलिस ने ​छापेमारी के दौरान मौके से ​85 छोटी-बड़ी बोरियां, ​15 बड़े कार्टन और ​लगभग 5 बोरी खुले पटाखे ​बरामद कर पूरी खेप को मौके पर ही सीज कर दिया गया।

Also Read: बिजनौर: SIR और मतदाता सूची को लेकर सपा ने उठाए सवाल, CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

आप को बता दे कि ​यह अवैध भंडारण पूरी तरह भीड़-भाड़ और घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में किया गया था। जांच में पाया गया कि आरोपी के पास पटाखों के भंडारण का न तो कोई वैध लाइसेंस था और न ही अग्निशमन विभाग की कोई एनओसी। मौके पर आग बुझाने का एक भी उपकरण मौजूद नहीं था। अधिकारियों के अनुसार, यदि यहां एक छोटी सी भी चिंगारी सुलगती, तो आसपास के दर्जनों मकान और कई जिंदगियां पलक झपकते ही खाक हो सकती थीं।

​मौके से आरोपी तारकेश्वर जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।​प्रशासन की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध पटाखा सिंडिकेट में हड़कंप मच गया है।अधिकारियों ने सख्त चेतावनी दी है कि आबादी वाले क्षेत्रों में अवैध बारूद का खेल खेलने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)