UP: वाराणसी कचहरी से पुलिस हिरासत से भागा चोरी का आरोपी, दो कांस्टेबलों पर गिरी गाज

UP: वाराणसी की कचहरी परिसर में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस अभिरक्षा में लाया गया चोरी का एक आरोपी अदालत परिसर से फरार हो गया। आरोपी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर मौके से भाग निकला, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने पूरे परिसर और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक आरोपी का कोई सुराग नहीं लग सका।

चोरी के मामले में गिरफ्तार कर कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था

पुलिस के मुताबिक, फूलपुर थाना पुलिस ने 22 जुलाई को मोनू खान को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से चोरी की बैटरी और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद हुई थी। इसके अलावा वह एक अन्य दर्ज मुकदमे में भी वांछित था। गुरुवार को न्यायिक रिमांड के लिए कांस्टेबल राकेश कुमार सरोज और अभिजीत वर्मा उसे एसीजीएम चतुर्थ की अदालत में पेश करने कचहरी लेकर पहुंचे थे।

Also Read: UP: सैकड़ों शिक्षक सड़क पर, सरकार के खिलाफ बिगुल; चेतावनी- अब होगा बड़ा आंदोलन

कागजी कार्रवाई के दौरान मिला भागने का मौका

बताया जा रहा है कि अदालत के बाहर आरोपी को खड़ा कर दोनों पुलिसकर्मी आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने के लिए कोर्ट रूम के भीतर चले गए। इसी दौरान मोनू खान वहां से फरार हो गया। आरोपी के गायब होने की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तत्काल कचहरी पुलिस चौकी को सूचना देकर आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की गई, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आया।

दो कांस्टेबलों पर मुकदमा, विभागीय जांच भी शुरू

फरार आरोपी की पहचान बड़ागांव थाना क्षेत्र के कुंवारी खुर्द गांव निवासी मोनू खान के रूप में हुई है। मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार के निर्देश पर कार्रवाई शुरू हुई। उपनिरीक्षक अनिल कुमार की तहरीर पर कैंट थाने में आरोपी के खिलाफ फरार होने का मामला दर्ज किया गया। वहीं, ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में दोनों कांस्टेबलों के विरुद्ध भी एफआईआर दर्ज कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

Also Read: UP: कैफे के हंगामे से मौत तक! वायरल वीडियो से छात्रा की टूटी हिम्मत; आठ पर एफआईआर

आरोपी की तलाश में दबिश, जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आने के कारण विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित पुलिसकर्मियों और आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)