UP: सहारनपुर के थाना सदर बाजार क्षेत्र स्थित कोर्ट रोड पर एक मोबाइल शॉप में देर रात चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने दुकान का शटर और ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया तथा लाखों रुपये मूल्य के मोबाइल फोन और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता का माहौल है।
चौकीदार की सूचना पर खुला चोरी का राज
दुकान संचालक शाहरुख कुरैशी के मुताबिक वह रोजाना की तरह रात करीब 9:15 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात करीब 11:20 बजे चौकीदार विजय ने उन्हें फोन कर बताया कि दुकान के ताले टूटे हुए हैं। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे, जहां दुकान का शटर क्षतिग्रस्त मिला और अंदर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था।
नकदी समेत दर्जनों मोबाइल फोन गायब
दुकानदार ने बताया कि चोर दुकान में रखे बिक्री के मोबाइल फोन, मरम्मत के लिए आए ग्राहकों के हैंडसेट और गल्ले में रखी करीब 33 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। प्रारंभिक आकलन के अनुसार 25 से 28 मोबाइल फोन चोरी हुए हैं। चोरी गए सामान की कीमत पांच लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
ग्राहकों का सामान भी हुआ चोरी, बढ़ा नुकसान
शाहरुख कुरैशी के अनुसार यदि रिपेयरिंग के लिए जमा ग्राहकों के मोबाइल फोन की कीमत को भी जोड़ा जाए तो कुल नुकसान लगभग आठ लाख रुपये तक पहुंच सकता है। इस घटना से न केवल दुकानदार को आर्थिक क्षति हुई है, बल्कि ग्राहकों की भी परेशानी बढ़ गई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। कोर्ट रोड जैसे प्रमुख और व्यस्त बाजार में हुई इस चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था और रात्रिकालीन पुलिस गश्त को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.











































