UP: चंदौली के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात एक मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। कैलाशपुरी मोड़ के पास स्थित एक देशी शराब की दुकान पर 60 रुपये को लेकर हुए विवाद में एक अधेड़ व्यक्ति पर चाकू से हमला कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, आरोपी नशे में था। कहासुनी बढ़ने पर उसने मुनक्का प्रसाद पर चाकू से कई वार कर दिए। हमले में मुनक्का प्रसाद के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। वहीं घायल मुनक्का प्रसाद को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
Also Read: दहल उठा रायबरेली! नेशनल हाईवे पर यमदूत बनी कार ने तीन बाइकों के उड़ाए परखच्चे, एक की मौत
रेस्टोरेंट में घुसकर युवकों ने किया हमला
इसी रात मुगलसराय क्षेत्र में एक और घटना सामने आई। तीन युवकों ने एक रेस्टोरेंट में घुसकर जमकर हंगामा किया। आरोप है कि उन्होंने कर्मचारियों पर पलटे और अन्य सामान से हमला कर दिया। इस घटना में पांच लोग घायल हो गए। हमलावरों ने रेस्टोरेंट के शीशे और अन्य सामान भी तोड़ दिए, जिससे काफी नुकसान हुआ।
वारदात के बाद आरोपी फरार
घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है।
पुलिस कर रही दोनों मामलों की जांच
मुगलसराय पुलिस दोनों घटनाओं की अलग-अलग जांच कर रही है। चाकूबाजी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ और मारपीट करने वाले आरोपियों की तलाश जारी है। लगातार हुई इन घटनाओं के बाद इलाके में चर्चा और चिंता का माहौल है।
देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.



















































