UP: चंदौली के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 13 ग्राम हेरोइन, एक ऑटो, तीन मोबाइल फोन और 200 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
संदिग्ध ऑटो को रोककर की गई जांच
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम न्यू सेंट्रल कॉलोनी क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान जीटीआर ब्रिज की तरफ से आ रहे एक ऑटो को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर वाहन सवार भागने लगे, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें घेरकर पकड़ लिया।
Also Read: अब बिना डॉक्टर की पर्ची नहीं मिलेगी कफ सिरप, स्वास्थ्य मंत्रालय ने जारी किया नया आदेश
बैग से मिली 60 पुड़ियों में पैक हेरोइन
तलाशी के दौरान ऑटो में रखे एक बैग से 60 अलग-अलग पुड़ियों में पैक कुल 13 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बाईपास गोधना निवासी मो. सलीम, आजीम अंसारी और कसाब महाल निवासी शहनाज बेगम के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आया सप्लाई का तरीका
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हेरोइन को छोटी-छोटी पुड़ियों में तैयार कर वाराणसी और आसपास के इलाकों में बेचते थे। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि गिरफ्तारी के समय वे नशीले पदार्थ की सप्लाई करने के लिए ही निकले थे।
Also Read: UP: रायबरेली में गैस एजेंसियों की मनमानी, 50 हजार उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी अटकी
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिला शहनाज बेगम के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर मुगलसराय कोतवाली में मुकदमा संख्या 293/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही पुलिस इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में भी जुटी हुई है।

















































