UP: हाईवे पर SUV खड़ी कर करते थे रेकी, आजमगढ़ में मुठभेड़ के बाद दो इनामी चोर गिरफ्तार

आजमगढ़: तहबरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान अंतरजनपदीय चोरी गिरोह के दो 25-25 हजार रुपये के इनामी आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। घायल आरोपितों को उपचार के लिए सीएचसी तहबरपुर भेजा गया। इनके कब्जे से दो .315 बोर के तमंचे, दो खोखा व तीन जिंदा कारतूस तथा 15,250 रुपये नकद बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दिलशाद पुत्र नसरूद्दीन निवासी नगरिया कला, थाना फतेहगंज पूर्वी, बरेली और सोनू अली उर्फ असगर पुत्र शमशेर निवासी बजेड़ा भगवानपुर, थाना जैतीपुर, शाहजहांपुर के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार दिलशाद के खिलाफ 13 और सोनू अली के खिलाफ सात मुकदमे दर्ज हैं।

ALSO READ: Raebareli: ‘सड़कों पर उतरी कांग्रेस, पुलिस से तीखी झड़प!’ मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर भारी बवाल

पुलिस के मुताबिक, 28/29 सितंबर की रात तहबरपुर पुलिस क्षेत्र में चेकिंग और वांछित आरोपितों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान करियाबर गांव के पास सर्विस लेन पर दो संदिग्धों के मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपितों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी और करीब 3:15 बजे उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपितों ने बताया कि गिरोह के सदस्य हाईवे और एक्सप्रेस-वे के आसपास SUV खड़ी कर आसपास के गांवों में ऐसे मकानों की रेकी करते थे, जहां चोरी करना आसान हो। रात में छत या घर के पीछे के रास्ते से प्रवेश कर मशीन से दरवाजे, बक्से और अलमारी के ताले काटकर सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चोरी की जाती थी। चोरी के बाद सभी सदस्य निर्धारित स्थान पर पहुंचते थे, जहां SUV चालक उन्हें लेकर फरार हो जाता था।

Also Read: UP: एक साल से टूटी पड़ी नाली, जलनिकासी ठप, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

पुलिस के अनुसार आरोपितों ने आजमगढ़ के अलावा गाजीपुर, बलिया, जौनपुर और अंबेडकरनगर में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर अहरौला की दो, तहबरपुर की दो, बिलरियागंज की दो तथा अंबेडकरनगर के जैतपुर क्षेत्र की एक चोरी की घटना के अनावरण का दावा किया गया है।

इस गिरोह के चार सदस्यों को पूर्व में 20 अगस्त को अहरौला और तहबरपुर पुलिस की अलग-अलग मुठभेड़ों में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के मुताबिक उनके कब्जे से तमंचे, कारतूस, चोरी के जेवरात, 29,230 रुपये नकद, XUV-500, मोबाइल फोन और चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद हुए थे। अब तक गिरोह के छह सदस्य गिरफ्तार किए जा चुके है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)