फतेहपुर: जनपद के मलवां कस्बे में गैस सिलेंडर फटने से हुए भीषण विस्फोट में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल आलोक ने भी सोमवार देर रात कानपुर के लाला लाजपत राय अस्पताल (हैलट) में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में मासूम बच्चों सहित पांच लोग शामिल हैं। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार को सभी पांचों मृतकों का अंतिम संस्कार किया जाएगा। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।
सोमवार को मलवां में तेज धमाके के साथ एक मकान जमींदोज हो गया था। विस्फोट इतना भीषण था कि आसपास के मकानों में दरारें आ गईं और बगल के दो मकान भी धराशायी हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक सहित जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। प्रशासन की ओर से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। घायलों को उपचार के लिए जोधा सिंह अटैया मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत को देखते हुए कुछ घायलों को कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान आलोक की मौत हो गई।
हादसे में फल विक्रेता सुरेश गुप्ता के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतकों में कुणाल (19 वर्ष), वेद (14 वर्ष), यश (8)वर्ष) और अर्पित (15 वर्ष) सहित आलोक (23)वर्ष की उपचार दौरान मृत्यु हो गई मृतकों की बढ़कर पांच हो गई हैं। इस दर्दनाक हादसे में बच्चों की मौत से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
Also Read: UP: एक साल से टूटी पड़ी नाली, जलनिकासी ठप, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
मुख्यमंत्री ने की आर्थिक सहायता की घोषणा
घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से मृतकों के परिजनों और घायलों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। हादसे के बाद से पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक लगातार घटनास्थल की निगरानी कर रहे ।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














