उत्तर प्रदेश : रामायण कार्यक्रम के दौरान छत पर सो रहा था परिवार तभी घर से 12 लाख के जेवरात पर चोरों ने किए हाथ साफ

रामनगर (बाराबंकी) : जनपद बाराबंकी की तहसील रामनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत गोंडा बसंतपुर में देर रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने – चांदी के आभूषण चोरी कर लिए. घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया. पीड़ित परिवार ने चोरी की सूचना स्थानीय पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार, गांव गोंडा बसंतपुर निवासी राकेश मौर्य के घर में रात करीब 1 बजे से 3 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने प्रवेश किया. बताया जा रहा है कि घटना के समय घर के सभी लोग छत पर सो रहे थे और गांव में रामायण का कार्यक्रम चल रहा था, इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घर के पीछे पश्चिम दिशा की ओर से लगे रास्ते से गेट खोलकर अंदर प्रवेश किया और कमरों में रखे सामान को खंगाल डाला.

सुबह करीब 3 बजे जब परिजन नीचे आए तो उन्होंने घर का सामान अस्त – व्यस्त पड़ा देखा. अलमारी और अन्य जगहों पर रखे कीमती सामान गायब थे. जांच करने पर पता चला कि चोर घर से झुमकी, मांगटीका, मेहंदी, पायल, करधनी, हार, मंगलसूत्र सहित कई सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए हैं. परिजनों के मुताबिक चोरी हुए जेवरात की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है.

Also Read: राम मंदिर ट्रस्ट को मिल सकता है नया CEO! 11 जुलाई को होगी बड़ी बैठक, दौड़ में दो पूर्व IAS अफसर


रामायण के कारण नहीं लगी चोरी की भनक

पीड़ित परिवार के सदस्य अमित कुमार मौर्य ने बताया कि रात में गांव में रामायण हो रही थी और परिवार के सभी लोग छत पर सो रहे थे. इसी कारण किसी को चोरों के आने की भनक नहीं लग सकी. उन्होंने बताया कि चोर पीछे के रास्ते से घर में दाखिल हुए और चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए.


ग्रामीणों में दहशत का माहौल

घटना की जानकारी मिलते ही लालपुर करौता पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने परिजनों से जानकारी लेकर तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही चोरों का पता लगाने में जुटी हुई है. चोरी की इस घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)