बाराबंकी : जनपद बाराबंकी की तहसील फतेहपुर क्षेत्र में मंगलवार शाम करीब 4 बजे बैंक ऑफ बड़ौदा के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दंपति समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अशोक कुमार (50) पुत्र कन्हाई लाल, उनकी पत्नी ऊषा (45) तथा उनके साथ मौजूद पांच वर्षीय बालक निवासी ग्राम इसरीसिंह मरऊचा, थाना मोहम्मदपुर खाला, जनपद बाराबंकी किसी निजी कार्य से लखनऊ गए थे। वापस घर लौटते समय उनकी बाइक जैसे ही तहसील फतेहपुर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में आमने-सामने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला और निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. अवधेश कुमार कौशल ने सभी का प्राथमिक उपचार किया।
डॉ. अवधेश कुमार कौशल ने बताया कि अशोक कुमार के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि उनकी पत्नी ऊषा को हल्की चोटें आई हैं। पांच वर्षीय बालक पूरी तरह सुरक्षित है और उसे कोई गंभीर चोट नहीं लगी है। सभी घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।












































