सहारनपुर : सहारनपुर पहुंचीं सपा सांसद इकरा हसन ने राम मंदिर को लेकर दिया बयान सपा सांसद इकरा हसन ने कहा, “यह बेहद अफसोस की बात है। भाजपा के लोगों ने आस्था की जगह और आस्था के मंदिर को भी बदनाम करने का काम किया है। ऐसे लोगों के खिलाफ जांच होनी चाहिए और जांच में कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। यह देश के करोड़ों लोगों की आस्था का विषय है, इसलिए आस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं होनी चाहिए।”
उन्होंने कहा, “यह पूरा मामला जांच का विषय है। हमें भी जो जानकारियां मिल रही हैं, वे मीडिया और समाचार चैनलों के माध्यम से मिल रही हैं। खबरें सामने आई हैं कि वहां सीसीटीवी कैमरे बंद थे। अब तक करोड़ों श्रद्धालु वहां दर्शन कर चुके हैं और बड़ी मात्रा में चढ़ावा भी आया है, लेकिन उससे संबंधित पूरा विवरण सार्वजनिक नहीं किया गया है।”
इकरा हसन ने आगे कहा, “इस मामले की जांच के लिए जो एसआईटी गठित की गई है, उसे निष्पक्षता के साथ काम करना चाहिए। किसी भी राजनीतिक दल या पदाधिकारी के दबाव में आए बिना लोगों की आस्था को ध्यान में रखते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। ऐसी कार्रवाई एक उदाहरण बने ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।”












































