उत्तर प्रदेश : शादी का झांसा देकर युवती का अपहरण, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

फतेहपुर : शादी का झांसा देकर युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं अपहृत युवती को भी सकुशल बरामद कर परिजनों को राहत पहुंचाई है।

जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र निवासी एक परिवार ने अपनी बेटी के लापता होने पर 13 जून 2026 को थाना कोतवाली में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों का आरोप था कि अली हुसैन नामक युवक शादी का झांसा देकर उनकी बेटी को अपने साथ ले गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 250/2026 धारा 87/61(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी।

Also Read: ‘3 महीने का गर्भ, प्रेमी ने जबरन खिलाई गोलियाँ…’, हॉस्टल सीढ़ियों पर खून से लथपथ मिली 19 साल की छात्रा

पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में गठित टीम ने लगातार तलाश और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 14 जून को अपहृत युवती को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी अली हुसैन पुत्र अकरम निवासी चतुरी मुरई का पुरवा, थाना कोतवाली को गिरफ्तार कर लिया।

सोमवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक विजय बहादुर, कांस्टेबल आदित्य मौर्य एवं महिला कांस्टेबल ममता मिश्रा शामिल रहीं। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)