Uttar Pradesh : बारिश की बेरुखी से किसान परेशान, बढ़ती गर्मी ने बढ़ाई किसानों की परेशानी, नलकूपों के सहारे सिंचाई…

अमेठी : जिले में लगातार पड़ रही गर्मी से जनजीवन प्रभावित हो गया है. सोमवार सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सुबह के समय ही तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को दिनभर की भीषण गर्मी का अंदेशा होने लगा.

गर्मी का असर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक साफ दिखाई दे रहा है. दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में लोगों की आवाजाही कम हो गई, आवश्यक कार्य होने पर ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं. उमस और तेज धूप के कारण लोगों का हाल बेहाल है.

बारिश नहीं होने से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है. धान की फसल के लिए पर्याप्त पानी न मिलने के कारण किसानों को नलकूपों के सहारे सिंचाई करनी पड़ रही है. इससे खेती की लागत बढ़ रही है. किसानों का कहना है कि समय पर अच्छी बारिश नहीं होने से धान की रोपाई और फसल की बढ़वार प्रभावित हो सकती है.

ग्रामीण क्षेत्रों में कई किसान खेतों में नलकूप चलाकर पानी पहुंचाने में जुटे हैं. डीजल और बिजली की बढ़ती लागत के बीच सिंचाई करना किसानों के लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ बनता जा रहा है. किसान जल्द से जल्द अच्छी बारिश की उम्मीद लगाए हुए हैं.

मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र के अनुसार, क्षेत्र में बारिश की कमी और तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी हो रही है. उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में मौसम में बदलाव की संभावना है तथा कुछ स्थानों पर वर्षा हो सकती है. किसानों और आम लोगों को अच्छी बारिश का इंतजार है, जिससे गर्मी से राहत मिलने के साथ खेती-किसानी के कार्यों को भी गति मिल सकेगी.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.