मिर्जापुर : ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के गलरा गांव में एक सप्ताह से कुएं में गिरे सियार को निकालने में वन विभाग की टीम कामयाब नहीं हो सकी. वन्यजीवों की सुरक्षा के प्रति वनविभाग के रवैए से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है. ग्रामीणों ने सियार को कुएं से सुरक्षित बाहर निकालने की मांग की है.
वहीं, वन रक्षक अनादि नाथ तिवारी सियार को कुएं से सुरक्षित बाहर निकालने की बात कह रहे हैं. जबकि शनिवार दोपहर को सियार कुएं में गिरा पड़ा हुआ था. गलरा गांव निवासी अधिवक्ता दुर्गा प्रसाद मिश्र के घर के पीछे स्थित कुएं में एक सप्ताह पूर्व सियार गिर पड़ा.
सूचना पर शुक्रवार को पहुंची वनविभाग की टीम ने सियार को कुएं से निकालने का काफी प्रयास किया, लेकिन टीम को सफलता हाथ नहीं लगी. अधिवक्ता दुर्गा प्रसाद मिश्र ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व संभवतः पानी की तलाश में भटकते हुए सियार बीस फीट गहरे कुएं में गिर पड़ा. सियार कुएं के पथरीले चट्टान पर गिरकर बैठा हुआ है.
वनविभाग की टीम सियार को निकालने के लिए आई थी, लेकिन कुएं से सियार को निकालने में कामयाब नहीं हो सकी. ग्रामीणों ने सियार को सुरक्षित निकाले जाने की मांग की है. वहीं इस संबंध में वनरक्षक अनादि नाथ तिवारी का कहना है कि सियार को कुएं से निकलवाकर मड़वा धनावल जंगल में छोड़ दिया गया है.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)















































