चंदौली : अलीनगर थाना क्षेत्र के कुरहना गांव के समीप रिंग रोड पर सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक महादेवपुर स्थित गोल्डन काशी वाटर पार्क से लौट रहे थे। इसी दौरान कुरहना गांव के पास रिंग रोड पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस की मदद से दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मलोखर गांव निवासी 22 वर्षीय तौफीक के रूप में हुई है।
Also Read: वाराणसी: नर्सिंग छात्रा की मौत पर बड़ा खुलासा, पोस्टमार्टम में सामने आई बर्बरता की कहानी
वहीं हादसे में घायल दूसरे युवक का इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।प्राथमिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और बाइक के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराना बताया जा रहा है। पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।












































