उत्तर प्रदेश : गाजीपुर में झमाझम बारिश से बदला मौसम का मिजाज, उमस से मिली राहत; खेती के लिए किसानों की बढ़ी उम्मीदें

गाजीपुर : जनपद के दिलदारनगर क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 8:45 बजे अचानक मौसम ने करवट ली. काले बादलों के बीच चली ठंडी हवाओं के साथ हुई मूसलधार बारिश ने पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को बड़ी राहत दिलाई. बारिश शुरू होते ही मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली.

बीती पूरी रात आसमान में घने काले बादल छाए रहे, जिससे लोगों को बारिश की उम्मीद थी. हालांकि रात में वर्षा नहीं हुई और उमस के कारण लोग परेशान रहे. सोमवार सुबह ठंडी हवाएं चलने से मौसम खुशनुमा हो गया. इसके कुछ देर बाद तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई, जिसने पूरे क्षेत्र का मौसम बदल दिया.

Also Read – उत्तर प्रदेश : ‘भगवान राम को भी नहीं बख्शा’… रायबरेली में गरजे सांसद किशोरी लाल शर्मा, पेपर लीक से लेकर राम मंदिर चढ़ावे तक सरकार को घेरा

बारिश का सबसे अधिक लाभ किसानों को मिला. धान की नर्सरी (बेहन) तेज धूप और नहरों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने के कारण सूखने लगी थी, जिससे किसान चिंतित थे. वर्षा होने के बाद खेतों में नमी लौट आई और किसानों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई देने लगी. किसानों का कहना है कि यह बारिश धान की फसल के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी.

बारिश के चलते बाजारों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही भी कुछ समय के लिए प्रभावित रही, लेकिन मौसम सुहाना होने से बच्चों और युवाओं ने भी इसका भरपूर आनंद लिया. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी जिले में बारिश की संभावना जताई है, जिससे किसानों और आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद बनी हुई है.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)