गोरखपुर, 16 मई। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में आए शानदार बदलाव का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को देते हुए कहा है कि बीते नौ-दस वर्षों में योगी जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने पूरे देश के अंदर एक नई और मजबूत पहचान बनाई है।
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री शनिवार को गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के भूमि पूजन और शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन और नेतृत्व की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री के रूप में पिछले कुछ सालों से उन्होंने उत्तर प्रदेश में जो परिवर्तन देखा है, वह अद्भुत है। वह दावे से कह सकते हैं कि जो काम यूपी में होते देखा है, ऐसा शानदार उदाहरण देश में कहीं और नहीं दिखा है। योगी जी के नेतृत्व में 2017 के बाद उत्तर प्रदेश ने नई पहचान बनाकर अन्य राज्यों के सामने उदाहरण प्रस्तुत किया है।
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश की चर्चा यहां की जनसंख्या को लेकर होती थी लेकिन अब यह विकास, कानून व्यवस्था और सुशासन के लिए जाना जाता है। कानून व्यवस्था में व्यापक सुधार से निवेशकों में नया विश्वास पैदा हुआ। विकास और रोजगार की गति तेज हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश निवेशकों का पसंदीदा गंतव्य बन गया है।
श्री पुरी ने कहा कि योगी की छवि सख्त दृढ़ प्रशासक की है। साथ ही उनमें हर विषय को गहराई में देखने का सामर्थ्य है। किसी विषय को बारीकी से समझकर ही वह निर्णय लेते हैं और उसे क्रियान्वित करते हैं। उन्होंने एथेनॉल ब्लेंडिंग को लेकर शनिवार सुबह सीएम योगी के साथ हुई चर्चा का उल्लेख करते हुए कहा कि योगी जी ने कहा है कि राष्ट्र हित में वह एथेनॉल ब्लेंडिंग के प्रस्ताव को यूपी में लागू कर देंगे। उन्होंने शहरी आवासन मंत्री के रूप में पीएम आवास योजना से जुड़ा अनुभव साझा करते हुए बताया कि 2017 के पहले उत्तर प्रदेश से सिर्फ 17 हजार आवासों की डिमांड आई थी, योगी जी के मुख्यमंत्री बनने के बाद यह 17 लाख भी पार कर गई। केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में रोड, एयर, मेट्रो कनेक्टिविटी, डिफेंस कॉरिडोर, हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर, एजुकेशन के क्षेत्र में हुई प्रगति को उल्लेखनीय बताया। साथ ही कहा कि यूपी में हरित ऊर्जा और कम्प्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) के क्षेत्र में बहुत संभावनाएं हैं। यह किसानों की आय बढ़ाने में भी मददगार है। उन्होंने कहा कि यूपी में लग रहे सीबीजी प्लांट वेस्ट टू वेल्थ विजन को साकार कर रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गोरखपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी सोच का परिणाम बताते हुए कहा कि आज केवल स्टेडियम परियोजना का शिलान्यास ही नहीं हो रहा बल्कि युवाओं के सपनों और संभावनाओं को नई दिशा देने का संकल्प सिद्धि की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि स्टेडियम निर्माण में पेट्रोलियम मंत्रालय के इंडियन ऑयल ने 60 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। अन्य पेट्रोलियम कम्पनियों ने भी अपने हिस्से की जिम्मेदारी उठाई है। उन्होंने कहा कि यह स्टेडियम आने वाले समय के युवाओ के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा। यहां नई खेल प्रतिभाएं जन्म लेंगी और भारत का भविष्य निखरेगा।
अब पूर्वांचल में ही तैयार होंगे रोहित व विराट जैसे खिलाड़ी : कमलेश पासवान
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के शिलान्यास के अवसर पर केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि गोरखपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के जरिये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे पूर्वांचल के लिए बड़ी सौगात दी है। इससे आने वाले समय में पूर्वांचल में ही रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे बड़े खिलाड़ी तैयार होंगे। वर्ष 2029 में यहीं आईपीएल के मैच हो सकेंगे। श्री पासवान ने विकासपरक विजन के लिए मुख्यमंत्री की सराहना करते हुए कहा कि सीएम के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश और गोरखपुर का अभूतपूर्व विकास हुआ है। अब यहां स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर भी विश्व स्तरीय बन रहा है।
सीएम योगी के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ रहा यूपी का खेल क्षेत्र: गिरीश चंद्र यादव
शिलान्यास समारोह में प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन और सीएम योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहा है। प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में तेजी से खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही सरकार ने हर ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम बनाने की पहल की है। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी आबादी का राज्य होने के बाद भी यूपी में खेल विश्वविद्यालय नहीं था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन से मेरठ में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के नाम पर मेरठ में खेल विश्वविद्यालय बनाया गया है। सत्र प्रारंभ। इसके साथ ही प्रदेश सरकार ने हर मंडल मुख्यालय पर स्पोर्ट्स कॉलेज बनाने की कार्यवाही को आगे बढ़ाया है। खेल मंत्री ने कहा कि सीएम योगी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के पदक विजेता खिलाड़ियों को रोजगार की गारंटी दे रखी है।
जो बोलते हैं, उसे पूरा करते हैं सीएम योगी : रविकिशन
इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि गोरखपुर में भी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनेगा, यह किसी ने सोचा भी नहीं था। सीएम योगी ने युवा खेल प्रतिभाओं को पंख देने के लिए इस स्टेडियम की सौगात दी है। यहां विश्व के सारे खिलाड़ी खेलने आएंगे। इस अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के बन जाने से रोजगार के नए द्वार भी खुलेंगे। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जो कहते हैं, उसे पूरा भी करते हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री और अन्य अभ्यागतों का स्वागत करते हुए गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह ने कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के रूप में मुख्यमंत्री जी ने पूर्वांचल के युवाओं को बहुत बड़ी सौगात दी है।
इस अवसर पर केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान, प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री (मत्स्य विभाग) डॉ. संजय निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, कुशीनगर के सांसद विजय दूबे, विधायक श्रीराम चौहान, फतेह बहादुर सिंह, राजेश त्रिपाठी, महेंद्रपाल सिंह, डॉ. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, प्रदेश सरकार के सलाहकार अवनीश अवस्थी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव सुहास एल वाई, खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह, इंडियन ऑयल के चेयरमैन अरविंद सिंह साहनी, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर संयोजक राजेश गुप्ता आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।











































