उत्तर प्रदेश : मायके से बुलाने के अगले दिन विवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने गला घोंटकर हत्या का लगाया आरोप

बलिया : उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के नगरा थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव से एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. वही पीड़ित परिवार ने स्थानीय पुलिस पर भी मिली भगत और जबरन तहरीर लिखवाने का भी आरोप लगाकर सनसनी फैला दी है.

जानकारी के अनुसार, मृतिका की शादी लगभग एक साल पूर्व 5 मई 2025 को डुमरिया गांव निवासी दिलीप चौहान पुत्र सुरेंद्र चौहान के साथ हुई थी. मृतिका सोनम चौहान के भाई सुनील चौहान ने बताया कि उनकी बहन अपने मायके में थी. गुरुवार को ससुराल से फोन आया कि उसे ससुराल पहुंचा दें, बताया शुक्रवार को सोनम को उसके ससुराल पहुंचा दिया. शनिवार को बहन से फोन पर बातचीत हुई, जिसमें सब कुछ सामान्य था. लेकिन रविवार की तड़के सुबह ससुराल से फोन आया कि उनकी बहन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है.


भाई का आरोप, बहन आत्महत्या नहीं कर सकती

सूचना मिलते ही परिजन आनन-फानन में ससुराल पहुंचे. भाई सुनील चौहान ने बताया कि वहां पहुंचकर उन्होंने जो देखा, उससे उनका शक यकीन में बदल गया. सुनील ने दावा किया, मेरी बहन एक चींटी तक नहीं मार सकती, तो आत्महत्या कैसे कर सकती है? जब हम पहुंचे तो शव नीचे रखा हुआ था और गर्दन पर खून के निशान थे. मौके पर आत्महत्या जैसा कोई साक्ष्य नहीं था.

सुनील ने आरोप लगाया कि दहेज को लेकर उसे पहले भी प्रताड़ित किया जाता था, उन्होंने आशंका जताई कि ससुराल वालों ने साजिश के तहत उसे मायके से बुलवाया और फिर गला घोट कर उसकी हत्या कर दी.

Also Read – उत्तर प्रदेश : बाराबंकी में भैंस चराने निकले दो बच्चों की नदी में डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम

पुलिस और प्रधान पर मिली भगत का आरोप

इस मामले में पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. मृतिका के भाई ने आरोप लगाया कि नगरा पुलिस ने उनकी मर्जी के बिना अपने हिसाब से तहरीर लिखवाई. साथ ही गांव के प्रधान पर पुलिस से मिली भगत कर मामले में समझौता करने का दबाव बनाने का आरोप भी लगाया गया है.

पुलिस की कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और मृतिका के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है, अब न्याय की मांग कर रहे हैं.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)