बरेली : बरेली जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है. यहां एक विवाहिता महिला अपने चार मासूम बच्चों को घर पर छोड़कर कथित प्रेमी के साथ चली गई. पीड़ित पति ने पत्नी के लापता होने के बाद थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है. पति का आरोप है कि उसकी पत्नी को गांव का ही एक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है. साथ ही महिला के मायके पक्ष पर शिकायत करने पर जान से मारने और जेल भिजवाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.
जानकारी के अनुसार, मीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम हुरहुरी निवासी राजेश कुमार गुप्ता पुत्र राममूर्तिलाल गुप्ता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी पत्नी पायल 28 जून 2026 को सुबह लगभग 10:30 बजे अचानक घर से गायब हो गई. उस समय वह अपने चार छोटे-छोटे बच्चों को घर पर अकेला छोड़कर चली गई. काफी देर तक पत्नी के वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा.
पीड़ित पति का आरोप है कि खोजबीन के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि ग्राम तिलमास निवासी फैजल पुत्र खलील उनकी पत्नी को अपने साथ ले गया है. राजेश कुमार का कहना है कि फैजल पहले से ही उनकी पत्नी के संपर्क में था और इसी कारण वह घर छोड़कर उसके साथ चली गई.
राजेश कुमार ने अपनी शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि यह पहली बार नहीं है जब उनकी पत्नी घर छोड़कर गई हो. उनके अनुसार, पायल इससे पहले भी दो बार उक्त युवक के साथ चली गई थी. दोनों बार परिजनों और रिश्तेदारों के प्रयास से उसे वापस घर लाया गया था तथा परिवार को फिर से बसाने का प्रयास किया गया था. लेकिन इस बार वह चार बच्चों की जिम्मेदारी छोड़कर दोबारा चली गई, जिससे बच्चों का भविष्य और पालन-पोषण संकट में पड़ गया है.
पीड़ित का कहना है कि पत्नी के जाने के बाद बच्चों की देखभाल की पूरी जिम्मेदारी अब उनके ऊपर आ गई है. बच्चों की उम्र कम होने के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। परिवार के अन्य सदस्य भी इस घटना से आहत हैं.
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने इस मामले को लेकर अपनी पत्नी के मायके पक्ष से संपर्क किया और मदद मांगी, तो उन्हें सहयोग मिलने के बजाय धमकियां दी गईं. राजेश का कहना है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उन्हें जान से मारने और झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दी. इसके बाद उन्होंने पुलिस की शरण ली.
मीरगंज थाना पुलिस ने शुक्रवार को राजेश कुमार की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और महिला तथा नामजद युवक की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. वहीं चार मासूम बच्चों के भविष्य को लेकर ग्रामीणों और परिजनों में चिंता का माहौल बना हुआ है.















































