अमेठी : जिले में शुक्रवार को दिनभर उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहे, लेकिन शाम को मौसम ने अचानक करवट ली और हुई बारिश ने लोगों को बड़ी राहत पहुंचाई. सुबह से ही तेज धूप और वातावरण में मौजूद नमी के कारण लोगों को चिपचिपाहट और गर्मी का सामना करना पड़ा. घरों से बाहर निकलने वाले लोगों के लिए उमस परेशानी का कारण बनी रही.
दिन के समय बाजारों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ दिखाई दी। लोग धूप और उमस से बचने के लिए पेड़ों तथा दुकानों के बाहर लगी छतरियों की छांव का सहारा लेते नजर आए. दोपहर बाद भी मौसम में कोई खास बदलाव नहीं हुआ, लेकिन शाम होते-होते आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई. देखते ही देखते घने बादल छा गए और कई क्षेत्रों में बारिश शुरू हो गई.
बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया. लंबे समय से उमस और गर्मी से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। बारिश के दौरान कई लोग घरों की छतों और बरामदों से मौसम का आनंद लेते दिखाई दिए। वहीं किसानों ने भी बारिश को खरीफ फसलों के लिए लाभकारी बताया। बारिश के कारण सड़कों पर जमा गर्मी कम हुई और वातावरण में ताजगी महसूस की गई.
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्रा ने बताया कि दिनभर नमी और धूप के कारण उमस की स्थिति बनी रही. शाम को हुई बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा. उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में भी बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है तथा कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इससे लोगों को गर्मी और उमस से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.















































