वाराणसी। काशी रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण कार्य के लिए रेलवे प्रशासन ने गंज शहीदा मस्जिद को हटाने का फैसला लिया है। रेलवे की जमीन पर बनी इस मस्जिद पर नोटिस चस्पा कर दिया गया है। रेलवे प्रशासन ने मस्जिद प्रबंधन को 20 जून तक का समय दिया है।
रेलवे की जमीन पर बनी मस्जिद पर नोटिस
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, गंज शहीदा मस्जिद रेलवे की संपत्ति पर स्थित है। स्टेशन के विस्तार और आधुनिकीकरण के काम को तेज करने के लिए इस मस्जिद को हटाना आवश्यक हो गया है। रेलवे ने कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए नोटिस जारी किया है।
20 जून तक दिया गया समय
रेलवे प्रशासन ने मस्जिद संबंधित पक्षों को 20 जून तक का समय देते हुए स्वेच्छा से मस्जिद हटाने या जरूरी कदम उठाने को कहा है। यदि इस अवधि में कोई कार्रवाई नहीं होती है तो रेलवे अपनी ओर से आगे की प्रक्रिया पूरी करेगा।
Alos Read – ‘माफियाओं का सफाया करना ही मेरा प्रिय विषय…’, बोले सीएम योगी
काशी स्टेशन विस्तारीकरण का हिस्सा
काशी स्टेशन को विश्व स्तरीय बनाने के लिए रेलवे द्वारा विस्तारीकरण का काम चल रहा है। इसके तहत स्टेशन के आसपास की अतिक्रमित संरचनाओं को हटाया जा रहा है।
पिछले दिनों भी स्टेशन विस्तारीकरण के क्रम में कुछ मस्जिद, मजार और मंदिरों को ध्वस्त किया गया था, जिसके बाद अब गंज शहीदा मस्जिद का नोटिस सामने आया है।
स्थानीय स्तर पर चर्चा
इस नोटिस के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि यह पूरी तरह विकास कार्य से संबंधित कार्रवाई है और इसमें किसी भी समुदाय के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)















































