Sultanpur: सरावां फायरिंग मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद

Sultanpur: अखंडनगर थाना क्षेत्र के सरावां गांव में 23 सितंबर को हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 12 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई हैं।

जानिए क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार, सरावां गांव में राजन गौतम को अवैध असलहे से गोली मारकर घायल किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने घायल को सीएचसी अखंडनगर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सुलतानपुर और फिर बेहतर इलाज के लिए केजीएमयू ट्रामा सेंटर, लखनऊ रेफर किया गया। पुलिस के मुताबिक, राजन की स्थिति सामान्य है। परिजनों की तहरीर पर अखंडनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए शिवम राजभर पुत्र मनोज राजभर निवासी ग्राम सरावां को उमरी स्थित सरस्वती इंटर कॉलेज के पास से गिरफ्तार किया। उसकी उम्र करीब 19 वर्ष है।

ALSO READ: Amethi में 16 साल पुराने हत्याकांड में दो सगे भाइयों को उम्रकैद, 1.54 लाख का जुर्माना

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में शिवम ने बताया कि राजन गौतम और शुभम शुक्ला के बीच आगामी ग्राम प्रधान चुनाव को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस इस बयान की जांच कर रही है। मामले में शिवम के अलावा दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस अधीक्षक ने दोनों वांछित आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक कन्हैया कुमार पांडेय, हेड कांस्टेबल राकेश राजपूत, अरुण रावत, अनिल मौर्या और कमलसेन शामिल रहे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)