अमेठी के वार्ड-2 में 15 साल से विकास का इंतजार, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, प्रदर्शन कर दी आंदोलन की चेतावनी

अमेठी: नगर पंचायत अमेठी के वार्ड नंबर दो में विकास कार्य न होने से नाराज ग्रामीणों का शनिवार को गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले करीब 15 वर्षों से वार्ड में अपेक्षित विकास कार्य नहीं कराए गए हैं, जिससे लोगों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने दलित बाहुल्य बस्ती होने के कारण अनदेखी किए जाने का भी आरोप लगाया।

ग्रामीणों के मुताबिक, वार्ड में नालियों का निर्माण तो कराया गया, लेकिन कई स्थानों पर नालियों के ऊपर पटिया नहीं डाली गई। कई जगह निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। इससे आए दिन बच्चे, बुजुर्ग और राहगीर नालियों में गिरकर चोटिल होते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार नगर पंचायत में शिकायत की गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका।

ALSO READ: Ballia: सपा-कांग्रेस पर बरसे पूर्व मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला, बोले- ‘कालनेमि जैसा बनावटी चेहरा करेंगे बेनकाब, 2027 में जीत तय’

वार्ड निवासी अरुण कुमार ने बताया कि करीब 15 वर्षों से मोहल्ले में विकास कार्य नहीं हुए हैं। नालियां बनाई गईं, लेकिन उनके ऊपर पटिया नहीं लगाई गई। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है और आए दिन हादसे होते रहते हैं। उन्होंने बताया कि वार्ड में अंबेडकर पार्क बनवाने का वादा भी किया गया था, लेकिन अभी तक यह वादा पूरा नहीं हुआ।

Also Read: सीतापुर: जन्माष्टमी पर सुरक्षा का कड़ा पहरा, 1800 पुलिसकर्मी और 700 महिला पुलिसकर्मी तैनात

वहीं मोहल्ले के निवासी रमेश ने आरोप लगाया कि दलित बस्ती होने के कारण वार्ड की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि कई बार नपाई कराई गई, लेकिन धरातल पर काम शुरू नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में न तो सभासद और न ही नगर पंचायत अध्यक्ष ने मोहल्ले की समस्याओं को गंभीरता से देखा।

ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्य नहीं होने से नाराज होकर पूर्व में भी वे मतदान का बहिष्कार कर चुके हैं। इसके बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से अधूरे विकास कार्यों को पूरा कराने, नालियों पर पटिया डलवाने और अंबेडकर पार्क के निर्माण की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)