योग समग्र स्वास्थ्य के साथ मोक्ष का भी साधन : डॉ. तोमर

गोरखपुर, 29 अप्रैल। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर (एमजीयूजी) के गुरु गोरक्षनाथ इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (आयुर्वेद कॉलेज) में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून 2026) के लिए 100 दिवसीय काउंटडाउन कार्यक्रम के सातत्य में बुधवार को ‘योग: कल्याण, ज्ञान और विश्व शांति’ विषय पर विशिष्ट व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता विश्व आयुर्वेद मिशन के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष एवं आरोग्य भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. जीएस तोमर ने कहा कि योग भारतीय वांग्मय की अभूतपूर्व देन है जो सर्वांगीण स्वास्थ्य ही नहीं पुरुषार्थ चातुष्ट्य को प्राप्त कराने वाला है। आयुर्वेद में योग को मोक्ष प्राप्त कराने वाला कहा गया है।

डॉ. तोमर ने कहा कि योग एक ऐसा विज्ञान है जो शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक रूप से सम्पूर्ण स्वास्थ्य को प्रदान करता है। यह स्वास्थ्य संरक्षण एवं संवर्धन में जितना उपयोगी है उतना ही विविध रोगों के निवारण में भी प्रभावी है। हमें इसका प्रचार एवं प्रसार करके समस्त विश्व के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करना चाहिए। उन्होंने बताया कि आयुष मंत्रालय ने योग दिवस के 100 दिन पूर्व 13 मार्च 2026 से भव्य आयोजन का शंखनाद किया है। इसका उद्देश्य 21 जून 2026 को होने वाले मुख्य आयोजन से पहले योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को जीवनशैली में इसे अपनाने के लिए प्रेरित करना है ।

Also Read : गोरखपुर से उठी आवाज अब देशभर के छोटे व्यापारियों के हितों से जुड़ी—संसद में उठाए गए मुद्दे पर केंद्र सरकार का सकारात्मक आश्वासन

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए आयुर्वेद कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गिरिधर वेदांतम ने कहा कि महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय में अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 का कार्यक्रम नियमित रूप से चल रहा है। उन्होंने कहा कि योग हमारे विद्यार्थियों के पाठ्यक्रम में स्वस्थवृत्त विषय में सन्निहित है। इसका सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक ज्ञान प्रत्येक विद्यार्थी को दिया जाता है। इस अवसर पर डॉ. दिनेश कुमार सिंह, डॉ. प्रज्ञा सिंह, डॉ. वैशाख आर, सहायक आचार्य, डॉ. जितेंद्र मिश्रा, डॉ. विनम्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता रही।

आयुर्वेद चिकित्सालय में मरीजों का निशुल्क परीक्षण

एमजीयूजी परिसर में स्थित महंत दिग्विजयनाथ आयुर्वेद चिकित्सालय की विशिष्ट ओपीडी शिविर में बुधवार को विश्व आयुर्वेद मिशन के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष एवं आरोग्य भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. जीएस तोमर ने गठिया, दमा, डायबिटीज, हृदयरोग, त्वचा रोग आदि के सौ से अधिक रोगियों का परीक्षण कर चिकित्सा परामर्श प्रदान किया। इस शिविर में आयुर्वेद कॉलेज के छात्रों ने क्लिनिकल प्रशिक्षण भी प्राप्त किया।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)