बहराइच: मोतीपुर तहसील क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर शनिवार को करीब 70 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों और किसानों ने तहसील परिसर पहुंचकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पर्याप्त वोल्टेज उपलब्ध कराने और समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।
प्रदर्शनकारियों के सपा नेत्री ललिता हरेंद्र पासवान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों के तहसील पहुंचने से परिसर में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल रहा। ग्रामीणों ने डीजे के साथ पहुंचकर अपनी मांगों को जोरदार तरीके से उठाया और उपजिलाधिकारी मोनालिसा जौहरी को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिल रहा है। इसका सीधा असर घरों में लगे पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरणों पर पड़ रहा है। किसानों के मुताबिक कृषि कार्य में इस्तेमाल होने वाले बिजली चालित उपकरण भी लो-वोल्टेज के कारण ठीक से संचालित नहीं हो पा रहे हैं, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।मामले की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी मोनालिसा जौहरी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनकी मांगों को समझा। उन्होंने समस्या के जल्द समाधान का भरोसा दिलाते हुए कहा कि मामले को गंभीरता से लिया जाएगा।
एसडीएम के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने फिलहाल धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि लो-वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।अब ग्रामीणों की नजर बिजली विभाग की कार्रवाई पर टिकी है। लोगों का कहना है कि केवल आश्वासन से समस्या समाप्त नहीं होगी, बल्कि बिजली आपूर्ति में सुधार कर पर्याप्त वोल्टेज उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कदम उठाना जरूरी है।


