सुलतानपुर में शाकिब हत्याकांड का खुलासा, जमीन के लालच में साले समेत 4 लोगों ने गला दबाकर की थी हत्या; सभी गिरफ्तार

सुलतानपुर: कोतवाली नगर क्षेत्र के लोलेपुर चौहानी गांव में हुए शाकिब हत्याकांड का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार जमीन के लालच में मृतक के साले और उसके साथियों ने मिलकर शाकिब की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सफल अनावरण पर पुलिस अधीक्षक ने टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, दो अगस्त की रात करीब 25 वर्षीय मोहम्मद शाकिब घर से किसी काम के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की तो अगले दिन घर से करीब 200 मीटर दूर तालाब के किनारे उसका शव मिला। शरीर पर चोट के निशान थे। मृतक के पिता सहबान की तहरीर पर कोतवाली नगर में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।

Also Read: UP बीजेपी ने जारी की क्षेत्रीय व मोर्चा प्रभारियों की सूची, राम प्रताप सिंह चौहान को पश्चिमी यूपी की कमान, देखें पूरी लिस्ट

जांच में सामने आया कि शाकिब बचपन से अपने ननिहाल लोलेपुर चौहानी में रहता था। नानी ने उसे पक्का मकान और हाईवे किनारे पांच बिस्सा जमीन दी थी। शाकिब ने उक्त जमीन को 48 लाख रुपये में बेचने का एग्रीमेंट किया था और दो लाख रुपये एडवांस भी ले चुका था। शेष रकम बैनामे के बाद मिलनी थी। उसने नया बैंक खाता खुलवाकर अपने मामा के बेटे अदीब अनवर उर्फ गोलू को नॉमिनी बनाया था।

Also Read: UP Election 2027: बीजेपी का ‘कमल साथी’ ऐप बना चुनावी हथियार, AI से होगी बूथ-बूथ की मॉनिटरिंग

जानकारी के अनुसार, जमीन और रकम की जानकारी उसकी पत्नी शब्बो को हुई तो उसने अपने भाइयों को बताया। आरोपियों को आशंका थी कि शाकिब जमीन की रकम शराब व अन्य कामों में खर्च कर देगा। इसके बाद उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची गई। जानकारी के मुताबिक सलमान अहमद शाकिब को शराब पिलाकर गांव से बाहर ले गया, जहां पहले से मौजूद मोहम्मद हुसैन, मोहम्मद जीशान और सलमानुल हक उर्फ सलमान के साथ मिलकर दुपट्टे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव तालाब में फेंक दिया।

शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने विनोवापुरी के सामने महुए की बाग से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सलमान अहमद, मोहम्मद हुसैन उर्फ गोलू, मोहम्मद जीशान और सलमानुल हक उर्फ सलमान शामिल हैं।कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुरेश नारायण मिश्र समेत पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)