बाराबंकी: कोटवा धाम के प्राचीन पवित्र कुंड का होगा संरक्षण और विकास, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

बाराबंकी: सिरौलीगौसपुर तहसील क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कोटवा धाम में पर्यटन विकास के साथ अब प्राचीन पवित्र कुंड के संरक्षण और विकास की भी पहल शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन स्थलों के समग्र विकास को गति देने के क्रम में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने शनिवार को कोटवा धाम पहुंचकर प्राचीन पवित्र कुंड का स्थलीय निरीक्षण किया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंड की ऐतिहासिकता, धार्मिक महत्ता और मूल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए विकास कार्य कराए जाएं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सीएनडीएस के प्रोजेक्ट मैनेजर देवब्रत पवार को कुंड के विकास से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की कार्ययोजना स्थल की आवश्यकता और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार की जाए। कुंड की मूल संरचना और धार्मिक महत्व प्रभावित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

Also Read: UP: कालिका धाम में सपा का जनसंवाद सम्मेलन, महंगाई-बेरोजगारी और अपराध पर सरकार को घेरा; चुनावी रणनीति पर हुआ मंथन

जिलाधिकारी ने पवित्र कुंड के आसपास महिलाओं की सुविधा के लिए आवश्यकतानुसार चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए कुंड के आसपास स्थायी बैरिकेडिंग कराने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों में सुविधा और संरक्षण के बीच बेहतर समन्वय रखा जाए तथा सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं।

उल्लेखनीय है कि कोटवा धाम में करीब 356 वर्ष पुराना समर्थ साहेब बाबा जगजीवन दास जी का मंदिर एवं समाधि स्थल स्थित है। यह सतनाम पंथ की प्रमुख तपोस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। यहां प्रदेश के विभिन्न जनपदों के अलावा अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। मुख्यमंत्री पर्यटन विकास परियोजना के तहत कोटवा धाम में करीब 202.51 लाख रुपये की लागत से पर्यटन विकास और यात्री सुविधाओं से जुड़े विभिन्न कार्य स्वीकृत हैं।

Also Read: UP: राहुल गांधी के छात्र संवाद कार्यक्रम में शामिल होने चंदौली कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता प्रयागराज रवाना

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने कोटवा धाम स्थित मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान महंत बी पी दास,एसडीएम सिरौलीगौसपुर अनिल सरोज, सीएनडीएस के प्रोजेक्ट मैनेजर देवब्रत पवार, महंत नीलेश दास सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)