ओडिशा से लखनऊ लाया जा रहा था गांजा, यूपी STF ने 4 तस्करों को किया गिरफ्तार

UP: उत्तर प्रदेश टास्क फोर्स (STF) ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। लखनऊ के थाना गोमतीनगर विस्तार क्षेत्र में 13 फरवरी 2026 को रात 8:32 बजे कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार तस्करों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 3.70 क्विंटल गांजा बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 92.50 लाख रुपये बताई जा रही है।

ओडिशा से लखनऊ लाया जा रहा था गांजा 

जांच में पता चला कि यह गांजे की खेप ओडिशा के मलकानगिरी से छत्तीसगढ़ और सुलतानपुर होते हुए लखनऊ लाई जा रही थी। आरोपी ट्रक के प्लेटफॉर्म में विशेष रूप से बनाई गई गुप्त कैविटी में गांजा छिपाकर ट्रैफिक से बचते थे। वहीं, एक बिना नंबर की स्कॉर्पियो आगे-आगे चलकर पुलिस चेकिंग की सूचना ड्राइवर तक पहुंचाती थी।

Also Read: UP: लखनऊ में यूपी एसटीएफ का बड़ा ऑपरेशन, 5 तस्कर गिरफ्तार, कोकीन, गांजा और अफीम बरामद

पूछताछ में खुलासा

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रक, बिना नंबर की स्कॉर्पियो, पांच मोबाइल फोन, एक वाईफाई डोंगल और 9,300 रुपये नकद बरामद किए। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह अब तक 15 से 20 बार ओडिशा से लखनऊ तक गांजे की खेप ले जा चुका है। इस खेप की सप्लाई लखनऊ के अलावा सीतापुर, बाराबंकी, गोण्डा और बहराइच में भी होती थी।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ गोमतीनगर विस्तार थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एसटीएफ इस गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुँचने के लिए जांच को आगे बढ़ा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)