उत्तर प्रदेश: भाजपा विधायक ने भ्रष्टाचार की खोली पोल, सड़क निर्माण पर लगाया धांधली का आरोप

फतेहपुर: खागा विधानसभा में बन रही 2200 मीटर लंबी सड़क में कथित धांधली पर भाजपा विधायक कृष्णा पासवान ने सीधे मोर्चा खोल दिया. अहिमापुर से रतनपुर तक 37 लाख 99 हजार रुपये की लागत से हो रहे डामरीकरण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद विधायक खुद मौके पर पहुंचीं और फावड़ा चलाकर सड़क की हकीकत उजागर कर दी.

जैसे ही सड़क को खोदा गया, डामर की परत पपड़ी की तरह उखड़ने लगी. मौके पर मौजूद लोगों ने भी घटिया निर्माण को लेकर नाराजगी जताई। विधायक ने इसे जनता के पैसे के साथ खुला खिलवाड़ करार देते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए.

PWD अधिकारियों को सख्त चेतावनी

विधायक ने Public Works Department (PWD) के एक्सईएन और जेई को पत्र लिखकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “सरकार की मंशा साफ है—भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मानक के अनुरूप सड़क निर्माण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए.”

ग्राम प्रधान की शिकायत पर खुला खेल

बताया जा रहा है कि ग्राम प्रधान ने सड़क निर्माण में अनियमितता की शिकायत की थी. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विधायक स्वयं जांच के लिए पहुंचीं और मौके पर ही निर्माण की गुणवत्ता की पोल खोल दी।

Also read:उत्तर प्रदेश: घर में लहूलुहान मिला मजदूर का शव; पत्नी और बेटे की चुप्पी ने बढ़ाया हत्या का शक

विपक्ष पर भी साधा निशाना

इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा सड़कों को लेकर दिए गए बयान पर भी विधायक ने तीखा पलटवार किया. उन्होंने कहा कि “हमारी सरकार में सड़कों का निर्माण पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ हो रहा है. विपक्ष हताशा में बेबुनियाद बयानबाजी कर रहा है.”

विधायक ने यह भी कहा कि वह अपने विधानसभा क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की स्वयं निगरानी कर रही हैं और जहां भी गड़बड़ी मिलेगी, वहां सीधा एक्शन होगा।जनता के पैसों पर डाका डालने वालों के खिलाफ अब ‘फावड़ा न्याय’-खागा में सियासी पारा चढ़ा।

INPUT-ANANYA MISHRA

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.