गोण्डा: थाना कोतवाली नगर पुलिस ने फेसबुक अकाउंट हैक कर कूटरचित पहचान पत्र के माध्यम से धोखाधड़ी एवं जालसाजी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बताए जा रहे दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस की तकनीकी जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले में तीन आरोपियों के नाम प्रकाश में आए हैं।
पुलिस के अनुसार, वादी अशोक शुक्ला की तहरीर पर थाना कोतवाली नगर में उनकी फेसबुक आईडी को अज्ञात व्यक्ति द्वारा हैक किए जाने के संबंध में मु0अ0सं0 889/2026, धारा 66C आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने हैक किए गए फेसबुक अकाउंट के URL, IP एड्रेस और CDR का तकनीकी विश्लेषण किया। इस दौरान घटना में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग पुलिस के हाथ लगे।तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई और पूछताछ के लिए तौफीक खान पुत्र रुद्दार खान, निवासी छोटा भाई का बास, ठेकडा, अलवर, राजस्थान को हिरासत में लिया।
Also सहारनपुर: साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को मिली राहत, 1.18 लाख रुपये वापस कराए
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपने सहयोगी राहुल खान एवं रिहान के साथ मिलकर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल कर कूटरचित पहचान पत्र तैयार करने तथा लोगों के साथ धोखाधड़ी और जालसाजी कर व्यक्तिगत लाभ के लिए ठगी किए जाने की जानकारी दी। पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में तीन अभियुक्तों के नाम प्रकाश में आने की बात कही है। इसके बाद मुकदमे में धारा 318(4), 338, 336(3) एवं 340(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से ओप्पो A55 काले रंग का एक मोबाइल फोन तथा रेडमी 11 प्राइम 5G मोबाइल फोन बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली नगर पुलिस ने आवश्यक अग्रिम विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना किया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संदीप कुमार तथा हेड कांस्टेबल विनोद कुमार यादव शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आए अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।














