यूपी में ‘अलविदा जुमे’ की नमाज को लेकर हाई अलर्ट, कई जिलों में सुरक्षा व्यवस्था सख्त, जगह-जगह पुलिस तैनात

UP: रमजान के महीने के अंतिम शुक्रवार, जिसे ‘अलविदा जुमे’ के रूप में जाना जाता है, प्रदेश के कई जिलों में श्रद्धा और अकीदत के साथ नमाज अदा की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग मस्जिदों में जुटे। प्रशासन ने शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहले से ही व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे।

संभल में PAC की कंपनियां तैनात

संभल की शाही जामा मस्जिद में भी सुरक्षा का विशेष प्रबंध किया गया। ASP कुलदीप सिंह ने बताया कि जिले में सिविल पुलिस के साथ PAC की दो कंपनियों को तैनात किया गया है। मस्जिदों के आसपास स्टेशन इंचार्ज लगातार गश्त करते रहे और वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। इसके अलावा सोशल मीडिया पर अफवाहों या भ्रामक पोस्ट पर नजर रखने के लिए डिजिटल मॉनिटरिंग टीम को भी सक्रिय रखा गया।

Also Read: यूपी सरकार ने किया गो हत्यारों व तस्करों का खात्मा, सलाखों के पीछे धकेले गए 35 हजार से ज्यादा आरोपी

लखनऊ में सुरक्षा का कड़ा घेरा

राजधानी लखनऊ में अलविदा जुमे की नमाज के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। पश्चिमी जोन के DCP विश्वजीत श्रीवास्तव के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 10 अतिरिक्त एसपी और 30 डिप्टी एसपी तैनात किए गए। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी के साथ सीसीटीवी कैमरों और मकानों की छतों से भी नजर रखी गई, जबकि प्रमुख मस्जिदों के आसपास पीएसी और पुलिस बल की भारी तैनाती की गई।

वाराणसी में ड्रोन से निगरानी

वाराणसी में भी रमजान के आखिरी जुमे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। प्रशासन ने प्रमुख मस्जिदों के आसपास पुलिस बल बढ़ाया और ड्रोन कैमरों के माध्यम से इलाके की निगरानी की। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि नमाज के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)