‘UP में अब नवरात्रि-रमजान एक साथ शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जा रहे…’, यूपी की कानून-व्यवस्था पर बोले सीएम योगी

UP: लखनऊ (Lucknow) में सीएम योगी (CM Yogi) ने बुधवार को राज्य के विकास के 9 वर्षों पर आधारित एक वार्षिक पुस्तक का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में हुए व्यापक बदलाव का श्रेय नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं की मेहनत को जाता है। उन्होंने जानकारी दी कि राज्य के विकास को गति देने के लिए 9 लाख 12 हजार करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।

कानून-व्यवस्था में सुधार का दावा

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कानून-व्यवस्था को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि आज नवरात्रि और रमजान जैसे त्योहार प्रदेश में शांतिपूर्ण ढंग से एक साथ मनाए जा रहे हैं, जबकि पहले दंगों और कर्फ्यू का माहौल रहता था। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व सरकारों द्वारा समाप्त की गई पीएसी की 34 कंपनियों को दोबारा सक्रिय किया गया है और पहली बार तीन महिला बटालियन की स्थापना की गई है।

Also Read: UP: योगी सरकार का बड़ा फैसला, एडेड स्कूलों के कर्मचारियों की ग्रेच्युटी में 5 लाख की बढ़ोतरी

भ्रष्टाचार पर सख्ती और निवेश की संभावनाएं

सीएम योगी ने कहा कि पहले युवाओं को पहचान के संकट और भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति की चर्चा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रही है। सिंगापुर और जापान की अपनी यात्राओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि वहां के निवेशक अब उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए उत्सुक हैं।

एयर कनेक्टिविटी में बड़ा विस्तार

प्रदेश में बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में अब 16 घरेलू और 4 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे संचालित हो रहे हैं। साथ ही, जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा देश का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनने की दिशा में तैयार है। उन्होंने घोषणा की कि इसके उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री को 28 मार्च का आमंत्रण भेजा गया है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)