गोण्डा में चकमार्गों पर चला बुलडोजर अभियान, 274 से अधिक सार्वजनिक रास्ते अतिक्रमण मुक्त

गोण्डा : जनपद गोण्डा में चकमार्गों और सार्वजनिक चकरोडों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए 1 अप्रैल 2026 से चलाया जा रहा विशेष अभियान तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के निर्देश पर राजस्व, पुलिस और विकास विभाग की संयुक्त टीम लगातार कार्रवाई कर रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाया जा सके।

अभियान के तहत अब तक कुल 274 से अधिक चकमार्गों को खाली कराया जा चुका है। प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील सदर में 46, तरबगंज में 73, करनैलगंज में 95 और मनकापुर में 60 चकमार्गों से अतिक्रमण हटाया गया है। इस कार्रवाई से ग्रामीणों और किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने में बड़ी राहत मिली है।

Also Read : ‘मेरी लाश पापा छू भी ना पाएं…’, कानपुर में वकील प्रियांशु श्रीवास्तव की पांचवीं मंजिल से कूदने के बाद मौत

जिलाधिकारी ने इस अभियान को जनहित में अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यवाही पूरी पारदर्शिता के साथ खातेदारों की मौजूदगी में की जाए और किसी भी लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि चकमार्गों से जुड़ी कोई शिकायत या सुझाव हो, तो उसे तत्काल प्रशासन तक पहुंचाएं। सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।

Also Read : चूल्हे की ‘चिंगारी’ बनी काल, छप्पर में सो रहे 3 साल के मासूम की जिंदा जलकर मौत

यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि जनपद के सभी चकमार्गों को अतिक्रमण मुक्त कर ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को पूरी तरह सुचारू बनाया जाए और सार्वजनिक संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। अभियान की निगरानी अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार और मुख्य राजस्व अधिकारी रिंकी जायसवाल द्वारा की जा रही है, जो प्रतिदिन उपजिलाधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट ले रहे हैं।