गोरखपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: 2026 में अब तक 68 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली

गोरखपुर। जनपद में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए गोरखपुर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में वर्ष 2026 में अब तक विभिन्न थानों के माध्यम से कुल 68 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। इनमें 1 अपराधी को ‘अ’ श्रेणी तथा 67 अपराधियों को ‘ब’ श्रेणी में चिन्हित किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। पुलिस का उद्देश्य ऐसे अपराधियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखना है, जो विभिन्न संगीन अपराधों में संलिप्त रहे हैं या क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देते रहे हैं।

Also Read : चूल्हे की ‘चिंगारी’ बनी काल, छप्पर में सो रहे 3 साल के मासूम की जिंदा जलकर मौत

खोली गई हिस्ट्रीशीट के आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे अधिक 20 अपराधी लूट व डकैती से जुड़े हैं, जबकि 17 अपराधी नकबजनी व चोरी के मामलों में शामिल पाए गए हैं। इसके अलावा 10 अपराधी धोखाधड़ी, 7 मारपीट व गुण्डागर्दी, 3-3 अपराधी हत्या/हत्या के प्रयास, रंगदारी और गोवध से संबंधित मामलों में चिन्हित किए गए हैं। वहीं मादक पदार्थ और अवैध शराब बिक्री से जुड़े 2-2 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है, जबकि गैंगरेप/रेप के मामले में 1 अपराधी को सूचीबद्ध किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हिस्ट्रीशीट खोलने का मुख्य उद्देश्य अपराधियों की नियमित निगरानी करना, उनकी गतिविधियों पर नियंत्रण रखना और भविष्य में संभावित अपराधों को रोकना है। इसके तहत संबंधित थानों द्वारा इन अपराधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है तथा समय-समय पर उनकी गतिविधियों का सत्यापन भी किया जा रहा है।
गोरखपुर पुलिस का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Also Read : अवैध धर्मांतरण गिरोह पर सख्त कार्रवाई, मुख्य आरोपी दाऊद अहमद की संपत्ति कुर्क