चंदौली : अलीनगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-3 में शुक्रवार को एक 18 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक छात्र ने हाल ही में हाईस्कूल की परीक्षा प्रथम श्रेणी में पास की थी और पढ़ाई के साथ लाइब्रेरी भी संचालित करता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 3 स्थित जियो ऑफिस के पास रहने वाले दीपक उर्फ कुलदीप कुमार चौहान ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दीपक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा और परिवार का सबसे छोटा सदस्य था। उसकी तीन बहनें हैं।
परिजनों ने बताया कि दीपक के पिता दिनेश कुमार चौहान एक पेट्रोल पंप पर काम करते हैं। शुक्रवार दोपहर जब वह खाना खाने घर पहुंचे तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। करीब 20 मिनट तक आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बाद अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया, जहां दीपक का शव फंदे से लटका मिला।
घटना के समय मृतक की मां एक शादी समारोह में शामिल होने मिर्जापुर गई हुई थीं। सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। घनश्याम शुक्ला ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )














