चकरनगर रोड पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार बस ने युवक को कुचला, मौत

इटावा। बढ़पुरा थाना क्षेत्र के चकरनगर रोड पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार बस की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में चीख-पुकार और मातम का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पवन पाल (26) निवासी उदी मोड़ रविवार दोपहर करीब 1 बजे अपने घर से खाना खाकर दुकान की ओर पैदल जा रहा था। इसी दौरान चकरनगर रोड पर तेज गति से आ रही एक बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।

Also Read : ‘6 नए मंत्रियों की एंट्री, दो मंत्रियों का बढ़ा कद…’, यूपी में योगी कैबिनेट विस्तार

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बस और चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)