आरक्षित वन भूमि पर अवैध खुदाई को लेकर बवाल : ग्रामीणों ने पुलिस-वन विभाग से छुड़ाए जेसीबी और ट्रैक्टर

चंदौली : चंदौली जनपद के चकिया कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गायघाट भगड़ा गांव स्थित चंद्रप्रभा रेंज के शिकारगंज सेक्शन अमरा बीट में आरक्षित वन भूमि पर अवैध मिट्टी खनन को लेकर जमकर हंगामा हो गया। वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए कब्जे में लिए गए जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर को छुड़ा लिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार आरक्षित वन भूमि में जेसीबी मशीन से मिट्टी की खुदाई की जा रही थी। इसकी सूचना मिलने पर क्षेत्रीय वन अधिकारी अखिलेश दुबे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग ने मौके पर कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन और एक ट्रैक्टर को कब्जे में लेने का प्रयास किया, जबकि एक अन्य ट्रैक्टर मौके से फरार हो गया।
इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। महिलाओं और पुरुषों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख वन विभाग ने चकिया कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने हालात नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता गया।

Also Read : ‘6 नए मंत्रियों की एंट्री, दो मंत्रियों का बढ़ा कद…’, यूपी में योगी कैबिनेट विस्तार

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार जब जब्त किए गए वाहनों को ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में कुछ लोगों ने टीम को रोक लिया। आरोप है कि सरकारी कार्य में बाधा डाली गई, अभद्र व्यवहार किया गया और महिलाओं को आगे कर दबाव बनाते हुए पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी और ट्रैक्टर को छुड़ा लिया गया। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) के नेतृत्व में चकिया सर्किल और बबुरी थाने की अतिरिक्त पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया।

क्षेत्रीय वन अधिकारी अखिलेश दुबे ने बताया कि आरक्षित वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध खनन और अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं वन विभाग के एसडीओ ने बताया कि वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम को शिकारगंज क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना मिली थी, जिस पर छापेमारी की गई। उन्होंने कहा कि कार्यभार संभालने के बाद अब तक लगभग 10 से 12 वाहन—जिनमें ट्रक, ट्रैक्टर और टिप्पर शामिल हैं—अवैध खनन के आरोप में पकड़े जा चुके हैं। अधिकारियों ने साफ कहा कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)