किसानों के लिए बड़ा अलर्ट! 31 मई तक कराएं फार्मर रजिस्ट्री, वरना बंद हो जाएंगी सरकारी सुविधाएं

बरेली: जिले के किसानों के लिए फार्मर रजिस्ट्री कराना अब बेहद जरूरी हो गया है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि 31 मई तक रजिस्ट्री न कराने वाले किसानों को 1 जून से विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल सकेगा। इसे लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है और ब्लॉक स्तर पर विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।

डीएम अविनाश सिंह और सीडीओ देवयानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गांव-गांव और ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाकर किसानों की फार्मर रजिस्ट्री प्राथमिकता के आधार पर पूरी कराई जाए। साथ ही किसानों को इसके महत्व के बारे में जागरूक भी किया जा रहा है।

Also Read: गोण्डा: कटरा बाजार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नाबालिग दुष्कर्म मामले का वांछित आरोपी गिरफ्तार

प्रशासन का कहना है कि खरीफ सीजन शुरू होने वाला है और किसान धान की नर्सरी, बाजरा, तिल, अरहर तथा मक्का की खेती की तैयारी में जुट गए हैं। ऐसे में बीज और अन्य कृषि सुविधाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर रजिस्ट्री आवश्यक होगी। यदि किसी किसान की रजिस्ट्री नहीं हुई, तो उसे सरकारी बीज, अनुदान और अन्य योजनाओं का लाभ मिलने में परेशानी हो सकती है।

तहसील और ब्लॉक कार्यालयों में आने वाले ग्रामीणों को सबसे पहले रजिस्ट्री कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकती है। किसानों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि से पहले अपना पंजीकरण अवश्य करा लें।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )