उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों के नाम एक भावनात्मक पत्र लिखकर गर्मी की छुट्टियों का सकारात्मक उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि छुट्टियां केवल आराम का समय नहीं बल्कि नई चीजें सीखने, परिवार के साथ जुड़ने और व्यक्तित्व विकास का अवसर भी हैं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को अपनी रुचियों को पहचानने और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
नई रुचियों और कौशल को विकसित करने पर जोर
मुख्यमंत्री ने बच्चों और युवाओं से आग्रह किया कि वे छुट्टियों के दौरान कोई नया कौशल या भाषा सीखें। उन्होंने कहा कि अच्छी पुस्तकों को पढ़ने की आदत विकसित करें और फोटोग्राफी, चित्रकला, संगीत, पाक कला तथा बागवानी जैसी गतिविधियों में हिस्सा लें। उनके अनुसार ये रचनात्मक कार्य बच्चों के आत्मविश्वास और व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Also Read: वाराणसी: CM योगी आदित्यनाथ ने शुरू किया ‘स्कूल चलो अभियान’, बच्चों को खुद पहनाए स्कूल बैग
परिवार और संस्कारों से जुड़ने की अपील
सीएम योगी ने डिजिटल युग में बच्चों के बढ़ते स्क्रीन टाइम पर चिंता जताई। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को ननिहाल और ददिहाल अवश्य लेकर जाएं ताकि वे दादा-दादी और नाना-नानी के साथ समय बिता सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुजुर्गों से मिलने वाली कहानियां, अनुभव और पारिवारिक परंपराएं बच्चों को संस्कारों और भारतीय संस्कृति से जोड़ने का माध्यम बनती हैं।
पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति से जुड़ने का संदेश
मुख्यमंत्री ने बच्चों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि छुट्टियों के दौरान बच्चों से पौधे लगवाएं और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी दें। साथ ही स्वच्छता बनाए रखने और जल, मिट्टी तथा वृक्षों के महत्व को समझाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मजबूत जड़ों वाला वृक्ष ही लंबे समय तक फलदायी रहता है और इसी तरह संस्कृति व संस्कार भी जीवन की मजबूत नींव होते हैं।
प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने का आह्वान
अपने पत्र के अंत में मुख्यमंत्री ने सिंगल-यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल से बचने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यात्रा या पिकनिक के दौरान कपड़े और जूट के थैलों का उपयोग किया जाए तथा प्लास्टिक कचरा इधर-उधर न फैलाया जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि बच्चों के छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास भविष्य में बड़े सामाजिक बदलाव का आधार बन सकते हैं।















































