मथुरा: समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती, लो वोल्टेज और स्मार्ट मीटर संबंधी समस्याओं को लेकर वृंदावन स्थित पागल बाबा बिजलीघर पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।
धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के प्रदेश सचिव भारत भूषण शर्मा तथा युवजन सभा महानगर अध्यक्ष अंकित वाष्णेय ने किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि घंटों बिजली गुल रहने से आमजन, व्यापारी और श्रद्धालु भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
भारत भूषण शर्मा ने कहा कि भीषण गर्मी में लगातार बिजली कटौती से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कई क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों पर अधिक लोड होने के कारण बार-बार फॉल्ट हो रहे हैं, जिससे पेयजल आपूर्ति के साथ-साथ पंखे, कूलर और अन्य आवश्यक सुविधाएं बाधित हो रही हैं।
अंकित वाष्णेय ने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर स्मार्ट मीटर तेजी से चलने की शिकायतें मिल रही हैं, इसके बावजूद जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने विद्युत विभाग पर जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। प्रदर्शन में पवन ठाकुर, छोटू ठाकुर, दीपक गोयल सहित कई समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

















































