UP: बकरीद के मद्देनजर पूरे उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। गुरुवार को त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी निगरानी, अतिरिक्त पुलिस बल और यातायात प्रबंधन सहित कई विशेष इंतजाम किए हैं। संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है और सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।
लखनऊ में चार जोन और पांच सेक्टर में बांटी गई सुरक्षा व्यवस्था
राजधानी लखनऊ में सुरक्षा को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। शहर में 1,347 पुलिस और यातायात कर्मियों के साथ पीएसी की छह कंपनियां, वायरलेस यूनिट और एलआईयू की टीमें तैनात की गई हैं। ईदगाह ऐशबाग, टीले वाली मस्जिद और बड़ा इमामबाड़ा सहित प्रमुख नमाज स्थलों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने इन इलाकों को चार जोन और पांच सेक्टर में बांटकर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
चौबीस घंटे निगरानी, महिला सुरक्षा पर भी खास फोकस
भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने संयुक्त ब्रीफिंग और मॉक ड्रिल भी कराई है। शहर के प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चौबीस घंटे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मी, एंटी रोमियो स्क्वॉड और पिंक पेट्रोल टीमों को तैनात किया गया है।
संभल में ड्रोन और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तेज
संभल जिले में प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को पांच जोन और 16 सेक्टरों में विभाजित किया है। यहां ड्रोन कैमरों और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीमों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। जिला प्रशासन के अनुसार जिले की 828 मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा की जाएगी। इसके साथ ही साफ-सफाई, पेयजल और कुर्बानी के बाद अपशिष्ट निस्तारण की विशेष व्यवस्था की गई है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर नमाज न पढ़ने और तय स्थानों पर ही कुर्बानी करने की अपील की है।
वाराणसी और आगरा में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम
वाराणसी में प्रशासन ने लोगों से निर्धारित स्थलों पर ही नमाज अदा करने की अपील की है और सड़कों पर नमाज पढ़ने से बचने को कहा है। पूरे शहर की निगरानी ड्रोन कैमरों के जरिए की जाएगी। वहीं आगरा में भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शहर को कई सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है ताकि बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।













































