कायमगंज, फर्रुखाबाद : थाना शमशाबाद क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव निवासी एक युवक की शनिवार को सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। युवक दवा लेकर बाइक से घर लौट रहा था, तभी बरझाला गांव के पास एक तेज रफ्तार मिनी लोडर ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर निवासी 28 वर्षीय सौरभ शर्मा कंपिल क्षेत्र के एक गांव से दवा लेकर बाइक से अपने घर वापस लौट रहा था। जैसे ही वह कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर स्थित बरझाला गांव के निकट पहुंचा, तभी सामने से आ रहे मिनी लोडर ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सौरभ बाइक समेत सड़क पर जा गिरा और लोडर उसे कुचलता हुआ आगे निकल गया।
हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण दौड़कर पहुंचे, लेकिन तब तक सौरभ की मौत हो चुकी थी। घटना से घबराया लोडर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गई।
Also Read : सलेमपुर की दो बेटियां हल्द्वानी में ताइक्वांडो चैंपियनशिप में दिखाएंगी दम
उपनिरीक्षक रामनरेश माथुर ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि सौरभ के चेहरे पर फालिस (लकवा) का असर था और वह उपचार के लिए दवा लेने कंपिल क्षेत्र गया था। सौरभ दिल्ली में निजी नौकरी करता था। वह चार भाइयों आलोक, सौरभ, नीतेश और नितिन में दूसरे नंबर का था।
युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां स्नेहलता, बहन रागिनी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।



