चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के नैढ़ी गांव में मंगलवार की शाम आपसी रंजिश को लेकर हुए विवाद के दौरान एक युवक द्वारा असलहा लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। वायरल वीडियो के आधार पर बलुआ पुलिस आरोपी युवक की तलाश में जुट गई है और मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, नैढ़ी गांव के बाहर स्थित एक पान की गुमटी पर मंगलवार शाम कुछ लोग बैठे हुए थे। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसी बीच एक युवक ने कथित तौर पर असलहा निकालकर लहराना शुरू कर दिया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
Also Read: UP में फाइनल वोटर लिस्ट जारी, SIR के बाद 2 करोड़ नाम हटे, कुल वोटर 13.39 करोड़
स्थानीय लोगों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए युवक को पकड़ लिया और समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने असलहा लहराने का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए बलुआ पुलिस ने आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस संबंध में मारुफपुर चौकी प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। आरोपी युवक की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी युवक दिल्ली में नौकरी करता है और बकरीद के अवसर पर छुट्टी लेकर गांव आया हुआ था। फिलहाल विवाद के वास्तविक कारणों की भी जांच की जा रही है तथा मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां एकत्र की जा रही हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।










































