रायबरेली। जनपद में पुलिस विभाग के अधिकारियों के तबादलों का सिलसिला जारी है। शासन द्वारा जारी तबादला सूची में आज दिनांक 4 जून 2026 दिन गुरुवार को समय करीब 12:00 बजे रायबरेली में तैनात तीन डिप्टी एसपी (क्षेत्राधिकारी) का गैर जनपद स्थानांतरण कर दिया गया है, जबकि तीन नए अधिकारियों की रायबरेली में तैनाती की गई है।
जारी आदेश के अनुसार, रायबरेली में तैनात सिओ लालगंज रहे अमित सिंह का तबादला हरदोई जनपद के लिए हुआ है।सिओ नगर रहे अरुण कुमार नौहवार का अंबेडकर नगर जनपद तथा पुलिस लाइन में रहे सिओ अनिल सिंह का बस्ती जनपद के लिए किया गया है। वहीं उनके स्थान पर संतोष कुमार सिंह तृतीय, सुजीत कुमार राय और आशीष निगम को रायबरेली में नई तैनाती दी गई है।
पुलिस महकमे में हुए इस फेरबदल को प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नए अधिकारियों के आगमन से जनपद की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
तबादला सूची जारी होने के बाद पुलिस विभाग में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। जल्द ही सभी अधिकारी अपने-अपने नवीन तैनाती स्थलों पर कार्यभार ग्रहण करेंगे।













































