UP: अमेठी के जायस थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय किशोर की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। पूरे बख्शी बहादुरपुर गांव निवासी हरेंद्र पासी मंगलवार शाम पड़ोस में आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होने गया था, लेकिन अगली सुबह उसका शव घर से करीब 100 मीटर दूर खेत की मेड़ पर पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
गला रेतकर की गई हत्या
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हरेंद्र के शव पर गंभीर चोटों के निशान थे और उसका गला किसी धारदार हथियार से काटा गया था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में हत्या की पुष्टि हुई है, हालांकि वारदात के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
Also Read: UP: अमेठी में 65 शस्त्र लाइसेंसधारियों पर संकट, कभी भी हो सकती है बड़ी कार्रवाई
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक हरेंद्र ई-रिक्शा चलाकर परिवार की मदद करता था। उसके परिवार में माता-पिता और एक बड़ा भाई है, जो अकेलवा चौराहे के पास स्थित एक ढाबे पर काम करता है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जन्मदिन समारोह में था नाच-गाने का कार्यक्रम
जानकारी के अनुसार पड़ोसी अमृतलाल की बेटी के जन्मदिन के अवसर पर घर में कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें नाच-गाने की भी व्यवस्था थी। हरेंद्र भी उसी समारोह में शामिल होने गया था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पार्टी के दौरान या उसके बाद ऐसी कौन सी परिस्थितियां बनीं, जिनके चलते यह वारदात हुई।
Also Read:सुवेंदु अधिकारी के PA हत्याकांड में CBI का शिकंजा, UP से एक और आरोपी गिरफ्तार
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में
घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ तिलोई दिनेश मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार, फॉरेंसिक टीम, मोहनगंज पुलिस और एसओजी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

















































