गोंडा : जनपद में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है. तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंचने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है. तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग दिन के समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं, जिससे शहर और कस्बों की प्रमुख सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखाई दे रहा है.
दोपहर के समय बाजारों में भी सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी कम भीड़ देखने को मिल रही है, गर्मी से बचाव के लिए लोग छाते, गमछे, टोपी तथा पानी की बोतलों का सहारा ले रहे हैं. वहीं मजदूर वर्ग, रिक्शा चालक और राहगीरों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
भीषण गर्मी के चलते लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है. दोपहर के समय अधिकांश लोग आवश्यक कार्यों को भी टाल रहे हैं. सार्वजनिक स्थलों पर भी लोगों की आवाजाही में कमी देखी जा रही है.
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल तापमान में विशेष राहत मिलने के आसार नहीं हैं. प्रशासन ने नागरिकों से अत्यधिक आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा धूप से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है.
लगातार पड़ रही भीषण गर्मी से जनपदवासियों की परेशानियां बढ़ गई हैं और अब सभी की निगाहें मानसून की पहली बारिश पर टिकी हुई हैं.
















































