मथुरा : घीया मंडी क्षेत्र में बीते दिन मथुरा वृंदावन नगर निगम द्वारा अतिक्रमण के विरुद्ध की गई कार्रवाई के बाद बाजार में व्यापारियों के बीच भय और असमंजस का माहौल उत्पन्न हो गया था. इसी को देखते हुए आज क्षेत्र के सम्मानित व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल नगर निगम कार्यालय पहुंचा, जहां उनकी अपर सह नगर आयुक्त राकेश कुमार त्यागी के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में विस्तृत वार्ता कराई गई.
बैठक के दौरान व्यापारियों ने क्षेत्र से जुड़ी अपनी विभिन्न समस्याओं और चिंताओं को अपर सह नगर आयुक्त के समक्ष रखा. व्यापारियों ने आग्रह किया कि भविष्य में ऐसी कार्रवाई से पहले संवाद स्थापित किया जाए, जिससे बाजार में भय जैसी स्थिति उत्पन्न न हो.
अपर सह नगर आयुक्त राकेश त्यागी ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि नगर निगम का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि शहर को व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाना है. उन्होंने व्यापारियों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि क्षेत्र में जो भी अवैध एवं नियम विरुद्ध अतिक्रमण हैं, उन्हें व्यापारी स्वयं संज्ञान लेकर हटाने और व्यवस्थित करने का प्रयास करें.
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी भी दी कि यदि भविष्य में अवैध अतिक्रमण को लेकर लापरवाही बरती गई तो नगर निगम द्वारा नियमानुसार भारी जुर्माना एवं कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
बैठक के बाद व्यापारियों ने संतोष व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि निगम और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय से क्षेत्र में व्यवस्था और व्यापारिक गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित होती रहेंगी.













































